जूना अखाड़े की पवित्र छड़ी यात्रा चारधाम, केदारखंड और मानसखंड के लिए रवाना संतों में दिखा भारी उत्साह
जूना अखाड़े की पवित्र छड़ी यात्रा चारधाम, केदारखंड और मानसखंड के लिए रवाना संतों में दिखा भारी उत्साह

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार, 14 अक्टूबर: सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के प्रचार-प्रसार के लिए प्रसिद्ध जूना अखाड़े की पवित्र छड़ी यात्रा मंगलवार को पौराणिक सिद्धपीठ मायादेवी मंदिर से विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रवाना हो गई। जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज और अखाड़ा परिषद के महामंत्री एवं अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के पावन सानिध्य में यह यात्रा आरंभ हुई।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे जिनमें जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, कुंभ मेला अधिकारी सोनिका और अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती शामिल हैं।
विशाल तीर्थयात्रा का मार्ग और उद्देश्य
हिमालय पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी वीरेंद्रानंद गिरि महाराज के नेतृत्व में लगभग 70 साधु-संतों, नागा संन्यासियों और श्रद्धालुओं का यह जत्था देवभूमि उत्तराखंड के विस्तृत प्रवास पर निकला है। यह पावन छड़ी यात्रा उत्तराखंड के चारों धामों—यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के साथ-साथ केदारखंड और मानसखंड के समस्त पौराणिक तीर्थों, सिद्धपीठों, शिवालयों, शक्तिपीठों, इसके अलावा ओम पर्वत और आदि कैलाश की यात्रा करेगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार, आध्यात्मिक चेतना का जागरण और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।
युवा पीढ़ी को वेदों और उपनिषदों से जोड़ने का माध्यम
यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर जूना अखाड़े के वरिष्ठ सभापति श्रीमहंत प्रेम गिरि महाराज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी, श्रीमहंत केदारपुरी महाराज, महामंत्री श्रीमहंत शैलेंद्र गिरि और श्रीमहंत रामेश्वर गिरि सहित कई दिग्गज संत-महात्मा उपस्थित रहे।
इस दौरान जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सचिव श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि पावन छड़ी यात्रा सनातन धर्म की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा का जीवंत प्रतीक है। यह गुरु-शिष्य परंपरा, त्याग, तपस्या और हमारी आध्यात्मिक विरासत को सहेजने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस यात्रा के जरिए युवा पीढ़ी को वेदों, उपनिषदों और गीता के शाश्वत संदेशों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।




