एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार भारत

नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा दुपहिया वाहन चलाने पर कार्रवाई, 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज

नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा दुपहिया वाहन चलाने पर कार्रवाई, 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज

भारत आवाज़ (24 *7)

(ब्यूरो रिपोर्ट) हरिद्वार। सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में हरिद्वार में परिवहन विभाग द्वारा नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा वाहन चलाने पर अंकुश लगाने हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

​यह अभियान एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में लक्सर रोड, जगजीतपुर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों और उनके आसपास की गलियों में संचालित किया गया।

​विद्यालय के आसपास पार्क किए वाहनों पर कार्रवाई

​एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से बातचीत की गई। स्कूल प्रशासन ने जानकारी दी कि अभिभावकों को पहले ही नोटिस जारी कर बच्चों को दुपहिया वाहनों से स्कूल न भेजने के लिए सूचित किया गया था। इसके बावजूद कुछ विद्यार्थी स्कूटी और मोटरसाइकिल से आ रहे थे और अपने वाहनों को स्कूल के पास की गलियों में छिपाकर पार्क कर देते थे।

​परिवहन विभाग की टीम ने विद्यालय प्रशासन को विश्वास में लेते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की और कुल 20 स्कूटी व मोटरसाइकिल को सीज करते हुए चालान किया।

​अभिभावकों को दी गई हिदायत

​विभाग की टीम ने कार्रवाई की जानकारी संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को दी और उनसे अपील की कि बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल आने-जाने हेतु वैकल्पिक व सुरक्षित साधनों का प्रबंध करें।

​एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और निर्धारित आयु पूर्ण किए बच्चों को वाहन देने की अनुमति न दें। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल उनकी अपनी सुरक्षा के लिए खतरनाक है, बल्कि आम जनता के लिए भी बड़ा जोखिम पैदा करता है।

​अभियान में शामिल अधिकारी

​परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन कराने और नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन रोकने के लिए आगे भी ऐसे चेकिंग अभियान जारी रहेंगे। इस दौरान टीम में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी, भारत भूषण सहित परिवहन विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button