हरिद्वार में यातायात नियमों की अनदेखी पर परिवहन विभाग सख्त एक ही दिन में 127 वाहन चालकों के कटे चालान
हरिद्वार में यातायात नियमों की अनदेखी पर परिवहन विभाग सख्त एक ही दिन में 127 वाहन चालकों के कटे चालान
भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार, 2 नवम्बर हरिद्वार जिले में सड़क सुरक्षा को ताक पर रखकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी ममयूर दीक्षित के दिशा-निर्देशों और एआरटीओ (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 127 वाहन चालकों पर शिकंजा कसा गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने जानकारी दी कि इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न यातायात उल्लंघनों के 67 चालान और ओवरस्पीडिंग (तय गति सीमा से तेज वाहन चलाने) के 60 चालान काटे गए। इस प्रकार कुल 127 चालानों की बड़ी कार्रवाई की गई।
नियमों की हुई अनदेखी:
जांच अभियान के दौरान मुख्य रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना सीट बेल्ट का प्रयोग न करना ओवरस्पीडिंग और वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाना जैसे गंभीर मामले सामने आए। इसके अलावा व्यावसायिक वाहनों की जांच के दौरान बिना वैध परमिट के संचालन टैक्स भुगतान न करने और उत्तराखंड प्रवेश उपकर से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर भी कड़ी कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन टीमों ने परिवहन कर अधिकारी रविन्द्र पाल सैनी के साथ मिलकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर यह औचक निरीक्षण किया। विभाग ने दोपहिया और तेज रफ्तार वाहनों पर विशेष नजर रखी ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
परिवहन विभाग की अपील:
विभाग ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। चालकों से अपील की गई है कि वे तय गति सीमा का पालन करें, बाइक चलाते समय चालक और पीछे बैठे दोनों लोग हेलमेट पहनें तथा कार में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। साथ ही व्यावसायिक वाहन मालिक अपने सभी दस्तावेज और परमिट पूरे रखने के बाद ही सड़क पर उतरें।




