एसपी सिटी दीपक सिंह ने किया ज्वालापुर कोतवाली का अर्धवार्षिक निरीक्षण दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
एसपी सिटी दीपक सिंह ने किया ज्वालापुर कोतवाली का अर्धवार्षिक निरीक्षण दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह)हरिद्वार: शुक्रवार को एसपी सिटी दीपक सिंह ने ज्वालापुर कोतवाली का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सीओ ज्वालापुर संजय चौहान भी मौजूद रहे। कोतवाली पहुंचने पर पुलिस गार्द द्वारा एसपी सिटी को सलामी दी गई।
निरीक्षण की शुरुआत थाना परिसर की साफ-सफाई का जायजा लेने से हुई। एसपी सिटी ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, बैरक, शस्त्रागार और अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रागार में रखे असलाह और अन्य साजो-सामान को पूरी तरह साफ-सुथरा और हमेशा तैयार हालत में रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्राम अपराध रजिस्टर समेत सभी पुलिस अभिलेखों को पूरी तरह अपडेट रखने को कहा गया।
कानून व्यवस्था और आगामी त्योहारों पर जोर
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने मातहत अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने और लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने वांछित व मफरूर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने रात्रि गश्त बढ़ाने और प्रभावी पुलिसिंग पर जोर दिया।
आगामी त्योहारों और महत्वपूर्ण आयोजनों के मद्देनजर उन्होंने पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने की हिदायत दी। निरीक्षण के अंत में एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।




