हरिद्वार में हुड़दंगियों पर पुलिस का कड़ा प्रहार: हरकी पैड़ी पर आपस में भिड़े 8 उपद्रवियों को नगर कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा
हरिद्वार में हुड़दंगियों पर पुलिस का कड़ा प्रहार: हरकी पैड़ी पर आपस में भिड़े 8 उपद्रवियों को नगर कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा

भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार की फिज़ा में ज़हर घोलने और आस्था के केंद्र हरकी पैड़ी पर सरेआम गदर मचाने वाले 8 उपद्रवियों को नगर कोतवाली पुलिस ने सबक सिखाते हुए सलाखों के पीछे भेज दिया है। शांति भंग करने और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू इन हुड़दंगियों पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराओं के तहत सख्त कानूनी शिकंजा कसा है।
पुलिस की नसीहत नहीं आई काम, तो तुरंत दिखाया कानून का खौफ
मामला हरकी पैड़ी क्षेत्र का है, जहां पुरोहित मोड़ के पास अचानक कुछ अराजक तत्वों के बीच कहासुनी हो गई। बात देखते ही देखते गाली-गलौज और सरेआम मारपीट तक पहुंच गई। गश्त पर निकले हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ जैसे ही मौके पर पहुंचे, नजारा देख दंग रह गए। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करते हुए उपद्रवियों को शांत कराने की काफी कोशिश की, लेकिन कानून के खौफ से बेखबर हुड़दंगी और ज्यादा उग्र हो गए। स्थिति बिगड़ती देख और बड़े अपराध की आशंका को भांपते हुए पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए आठों को मौके पर ही दबोच लिया।
धार्मिक नगरी में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं: कोतवाल की दोटूक चेतावनी
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, हरिद्वार देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां रोजाना लाखों यात्री दर्शन के लिए आते हैं। तीर्थनगरी की पवित्रता, शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी बिना रुके जारी रहेगा।
एक्शन लेने वाली जांबाज पुलिस टीम:
उपद्रवियों को सबक सिखाने वाली इस कार्रवाई में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, कांस्टेबल शिव शंकर, कांस्टेबल रमेश चौहान और कांस्टेबल मानसिंह की मुख्य भूमिका रही।




