एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनहरिद्वार भारत

गंगा सेवा संकल्प: स्वच्छता अभियान से कुंभ 2027 की तैयारियों को मिली जनसहभागिता की ताकत

गंगा सेवा संकल्प: स्वच्छता अभियान से कुंभ 2027 की तैयारियों को मिली जनसहभागिता की ताकत

भारत आवाज़ (24*7)

हरकी पैड़ी पर मिश्री मठ के मेगा स्वच्छता अभियान में उमड़े हजारों लोग

मेलाधिकारी  सोनिका, सीडीओ और नगर आयुक्त ने अनुयायियों संग किया श्रमदान

(टीटू कुमार) ​हरिद्वार, 31 अक्टूबर: दिव्य और भव्य कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ व सुंदर बनाने की मुहिम में आमजन और धार्मिक संस्थाओं का अनूठा समर्पण देखने को मिल रहा है। शनिवार को मिश्री मठ की ओर से आयोजित विशाल गंगा सेवा स्वच्छता अभियान’ के तहत हरकी पैड़ी क्षेत्र में हजारों लोगों ने एकजुट होकर सफाई की और माँ गंगा के तटों को स्वच्छ रखने का संकल्प दोहराया।

​इस अभियान में मेला प्रशासन का एक अलग ही जनहितकारी स्वरूप देखने को मिला। मेलाधिकारी  सोनिका के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं हाथ में झाड़ू थामकर जनता के साथ श्रमदान किया। मेलाधिकारी को आम नागरिकों के साथ कतारबद्ध होकर सफाई करते देख वहां मौजूद लोगों का उत्साह दोगुना हो गया। इस दौरान एकत्रित कूड़े-कचरे को निर्धारित स्थानों तक पहुंचाकर निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

​कार्यक्रम के दौरान मेलाधिकारी ने नया उदासीन अखाड़ा के अध्यक्ष श्री महंत धूनी दास जी महाराज एवं मिश्री मठ के मठाधिपति महामंडलेश्वर श्री करौली शंकर महाराज से मुलाकात कर संत समाज और श्रद्धालुओं का आभार जताया।

​स्वच्छता केवल व्यवस्था नहीं, साझा उत्तरदायित्व है : मेलाधिकारी 

मेलाधिकारी  सोनिका ने कहा, हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। कुंभ 2027 में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए स्वच्छता को जनभागीदारी बनाना आवश्यक है। संत समाज और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से हरिद्वार को स्वच्छ बनाने के हमारे प्रयासों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि कुंभ तैयारियों में इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

​अभियान में प्रमुख रूप से रहे मौजूद:

इस स्वच्छता महा-अभियान में नगर आयुक्त  नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी  दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी  मनजीत सिंह सहित मेला अधिष्ठान के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button