दिवाली पर मिलावटखोरों पर नकेल: हरिद्वार में खाद्य विभाग का बड़ा छापा 81 में से 11 सैंपल फेल तुरंत हटवाई गई खाद्य सामग्री
दिवाली पर मिलावटखोरों पर नकेल: हरिद्वार में खाद्य विभाग का बड़ा छापा 81 में से 11 सैंपल फेल तुरंत हटवाई गई खाद्य सामग्री

भारत आवाज़ (24*7)
(आशु कुमार ) हरिद्वार (5 नवंबर आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (उत्तराखंड) हरकत में आ गया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में आज गुरुवार को हरिद्वार के कई प्रमुख बाजारों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक छापेमारी अभियान चलाया।
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी एवं उपायुक्त प्रयोगशाला बीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पहुंची सचल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब) ने नगर निगम क्षेत्र हरिद्वार के अंतर्गत आने वाली मिठाई की दुकानों बेकरियों डेयरियों और कन्फेक्शनरी प्रतिष्ठानों पर मौके पर ही नमूनों की जांच की।
ऋषिकुल से रानीपुर मोड़ तक हड़कंप, 81 सैंपल लिए
खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने ऋषिकुल, गोविंदपुरी रानीपुर मोड़ और प्रेम नगर आश्रम स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से पनीर ,दूध, दही, मिठाइयों, केक, पेस्ट्री, सॉस, मसाले, तेल, बेसन और दालों सहित कुल 81 नमूने जांच के लिए एकत्रित किए।
11 नमूने मिले अधोमानक मौके पर कार्रवाई
मोबाइल लैब में हुई तत्काल जांच के दौरान 81 में से 11 सैंपल अधोमानक (गुणवत्ता में कमी) पाए गए। टीम ने बिना कोई ढील दिए खराब और अधोमानक पाई गई खाद्य सामग्री को संबंधित दुकानों व प्रतिष्ठानों से तत्काल प्रभाव से हटवा दिया।
मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट की भी हुई पड़ताल
अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (नगर निगम हरिद्वार) कैलाश चंद्र टम्टा ने मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर निर्माण एवं अवसान तिथि प्रदर्शित करने के नियमों की भी सघन जांच की। जांच में अधिकांश प्रतिष्ठानों पर नियमों का पालन होता पाया गया।
कार्रवाई में शामिल रही संयुक्त टीम
इस व्यापक जांच और छापेमारी अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा के साथ रुड़की नगर निगम के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडे, जूनियर फूड एनालिस्ट अनुराग मियां और लैब सहायक गौरव कुमार समेत कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहारों के इस मौसम में मिलावटी या असुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




