हरिद्वार में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 69 वाहनों के चालान 9 सीज;
ओवरलोडिंग और अवैध संचालन पर कसा शिकंजा

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद हरिद्वार में परिवहन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। एआरटीओ (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए एक व्यापक और सघन चेकिंग अभियान से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों और संचालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान नियमों की अनदेखी करने पर कुल 69 वाहनों का चालान किया गया जबकि 9 वाहनों को सीज कर दिया गया।
प्रमुख क्षेत्रों में चला चेकिंग अभियान
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) निखिल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की अलग-अलग टीमों ने शहर के मुख्य और संवेदनशील इलाकों में अभियान चलाया। इनमें श्यामपुर ,ऋषिकुल, जगजीतपुर, मिस्सरपुर, देवपुरा और सिडकुल सहित कई प्रमुख क्षेत्र शामिल रहे।
जाँच के दौरान मालवाहक वाहनों, बसों, मोटर कैब, ई-रिक्शा, थ्री-व्हीलर और टू-व्हीलर वाहनों की बारीकी से पड़ताल की गई।
इन गंभीर उल्लंघनों पर हुई सख्त कार्रवाई
-
- ओवरलोडिंग और परमिट उल्लंघन: मालवाहक वाहनों में क्षमता से अधिक लोड यात्री बसों में निर्धारित सीमा से ज्यादा सवारियाँ बैठाने और बिना वैध परमिट के संचालन करने वालों पर कड़ा एक्शन लिया गया। मालवाहक वाहनों में सवारियाँ ढोने के मामलों पर भी शिकंजा कसा गया।
- चेकिंग से भागने वालों पर शिकंजा: चेकिंग के दौरान अधिकारियों के इशारे के बावजूद गाड़ी न रोकने और निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ तुरंत चालान काटे गए।
- दस्तावेजों में खामी: बिना ड्राइविंग लाइसेंस (DL) बिना वैध बीमा और आवश्यक वाहन दस्तावेज प्रस्तुत न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
- अन्य नियमहीनता: गलत लेन में ड्राइविंग, नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने, नंबर प्लेट पर मानकों का पालन न करने, रिफ्लेक्टर न लगाने और उत्तराखंड प्रवेश उपकर (Tax) न चुकाने पर चालान किए गए।
त्योहारी सीजन में सुरक्षा से कोई समझौता नहीं:
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में सड़कों पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। विभाग ने सभी चालकों व संचालकों से अपील की है कि वे क्षमता से अधिक माल या सवारी न ढोएं गाड़ी के सभी कागजात दुरुस्त रखें और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें।




