मायापुर हेड रेगुलेटर पर नगर निगम का विशेष सफाई अभियान: हटाया गया 8 टन कचरा
मायापुर हेड रेगुलेटर पर नगर निगम का विशेष सफाई अभियान: हटाया गया 8 टन कचरा

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार, 22 अक्टूबर: गंगा बंदी के दौरान पवित्रता को बनाए रखने और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने युद्ध स्तर पर कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में नगर आयुक्त नंदन कुमार के कड़े निर्देशों के अनुपालन में डाम कोठी के समीप मायापुर हेड रेगुलेटर पर एक विशाल स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान में निगम के अमले ने पूरी सक्रियता दिखाई। मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त और सफाई निरीक्षक मोहित कुमार के नेतृत्व में पर्यावरण पर्यवेक्षक सलेख चंद, नीरज, बलराम, दीपक, प्रदीप तथा विक्रांत समेत लगभग 60 सफाई कर्मचारियों ने मिलकर श्रमदान किया। टीम ने मुस्तैदी से काम करते हुए रेगुलेटर क्षेत्र से लगभग 8 टन कूड़ा-कचरा एकत्र किया, जिसे सुरक्षित निस्तारण के लिए तुरंत नगर निगम के प्लांट भेज दिया गया।
स्वच्छता को लेकर प्रशासन सख्त
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गंगा नदी, सभी प्रमुख घाटों, रेगुलेटरों और उनके आसपास के इलाकों में साफ-सफाई की व्यवस्था चाक-चौबंद रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कचरे का समयबद्ध संग्रहण कर उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने, किसी भी स्थल पर गंदगी या कचरा जमा न होने देने और संपूर्ण सफाई कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं ताकि शहर और गंगा तटों की सुंदरता और पवित्रता बरकरार रहे।




