संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग से छीना जा रहा मताधिकार: आफताब अहमद
संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग से छीना जा रहा मताधिकार: आफताब अहमद

भारत आवाज़ (24*7)
(बर्यूरो रिपोर्ट) हरिद्वार। 22 अक्टूबर: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा हरिद्वार के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक और हरियाणा के नूंह से विधायक आफताब अहमद ने प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग कुर्सी पर बने रहने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का खुलकर दुरुपयोग कर रहे हैं और एसआईआर (SIR) के माध्यम से जनता से उनके मताधिकार को छीनने की साजिश रची जा रही है।
बूथ स्तर तक चलेगा वोट बचाओ देश बचाओ अभियान
आफताब अहमद ने कहा कि देश के संविधान और आम जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में राष्ट्रव्यापी संघर्ष कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान को अब बूथ स्तर तक ले जाया जा रहा है और आम जनता का भी इस मुहिम को भरपूर समर्थन मिल रहा है।
नियमों के विरुद्ध फॉर्म-7 का हो रहा है इस्तेमाल
कांग्रेस पर्यवेक्षक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष की ओर से यह शिकायतें लगातार दर्ज कराई जा रही हैं कि मतदाताओं के वोट कटवाने के लिए नियमों के विपरीत जाकर फॉर्म-7 का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है जो कि लोकतंत्र के लिए एक खतरनाक संकेत है।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार जरूरी
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को मजबूत करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता, क्योंकि इसी अधिकार से प्रजातंत्र की नींव मजबूत होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा सरकार ‘एसआईआर’ के बहाने नागरिकों के हक पर डाका डालना चाहती है जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
प्रेसवार्ता में ये रहे मौजूद:
इस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर, महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, मनोज सैनी, संजय सैनी, मनोज धनगर, पूर्व एमएलसी रामयश सिंह, तीर्थपाल रवि, और अंजू मिश्रा सहित कई प्रमुख कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।




