हरिद्वार: शहीद दिवस पर पुलिस ने अमर जवानों को किया नमन एसएसपी नवनीत सिंह ने अर्पित किए पुष्पचक्र
हरिद्वार: शहीद दिवस पर पुलिस ने अमर जवानों को किया नमन एसएसपी नवनीत सिंह ने अर्पित किए पुष्पचक्र

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार:पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर आज शहीद दिवस के अवसर पर हरिद्वार पुलिस ने देश और समाज की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस गरिमामयी कार्यक्रम का नेतृत्व एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने किया। इस दौरान विगत एक वर्ष के दौरान कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के नामों का स्मरण कर उनके अदम्य साहस और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद किया गया।
पुष्पचक्र अर्पित कर दी गई शोक सलामी
कार्यक्रम की शुरुआत में एसएसपी नवनीत सिंह ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। उनके पश्चात जनपद के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों ने क्रमवार पुष्पचक्र व पुष्प अर्पित कर शहीदों के बलिदान के प्रति अपना अगाध सम्मान व्यक्त किया। श्रद्धांजलि सभा के अंतिम चरण में सेरेमोनियल गार्द द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों को शोक सलामी दी गई। इसके बाद उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को याद किया और कृतज्ञता ज्ञापित की। पूरा वातावरण देशभक्ति और सम्मान की भावना से ओतप्रोत नजर आया।
कर्तव्यपरायणता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा
इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि: शहीद पुलिसकर्मियों का यह सर्वोच्च बलिदान हम सभी को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यपरायणता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की प्रेरणा देता है। वीर जवानों की शौर्यगाथाएं सदैव अमर रहेंगी और उनका साहस आने वाली पीढ़ियों को इमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों के साथ शहीदों के आदर्शों पर चलने और जनसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प दोहराया। शहीद दिवस का यह आयोजन उन वीर जवानों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक रहा, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना देश की शांति और सुरक्षा को सर्वोपरि रखा।




