हरिद्वार के मंगलौर में सनसनी: पीरपुरा गांव में दबंगों ने घर के बाहर की ताबड़तोड़ फायरिंग सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
हरिद्वार के मंगलौर में सनसनी: पीरपुरा गांव में दबंगों ने घर के बाहर की ताबड़तोड़ फायरिंग सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार: हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पीरपुरा गांव में बीती रात बदमाशों ने जमकर आतंक मचाया। गांव के एक घर के बाहर गाड़ी में सवार होकर पहुंचे कुछ लोगों ने सरेआम फायरिंग कर सनसनी फैला दी। इस पूरी घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज बनी बड़ा सुराग
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात संदिग्ध हालात में एक कार गांव में रुकी। गाड़ी से उतरकर एक युवक ने अपने हाथ में ली बंदूक से ताबड़तोड़ गोली चला दी। आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह है कि यह पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब इसी फुटेज को मुख्य आधार बनाकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
खनन कारोबार और पुरानी रंजिश से जुड़ रहे तार
चर्चा है कि इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले लोग खनन या क्रशर कारोबार से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस या प्रशासन की तरफ से अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। शुरुआती जांच में मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। पीरपुरा गांव में पहले भी इस तरह के आपसी विवाद और खूनी संघर्ष के मामले सामने आ चुके हैं जिसके चलते ताजा फायरिंग ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




