एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार भारत

अंकिता भंडारी के माता-पिता को हिरासत में लिए जाने और दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन सरकार पर साधा निशाना

अंकिता भंडारी के माता-पिता को हिरासत में लिए जाने और दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन सरकार पर साधा निशाना

भारत आवाज़ (24*7)

(टीटू कुमार) ​हरिद्वार 15 अक्टूबर: उत्तराखंड की बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में एक बार फिर सियासत गरमा गई है। दिल्ली में न्याय की गुहार लगा रहे अंकिता के माता-पिता को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार के देवपुरा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने इस पूरी कार्रवाई को सत्ता की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा करार दिया है।

​राज्यपाल की नियुक्ति पर उठाए गंभीर सवाल

प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि जिस व्यक्ति (दुष्यंत गौतम) पर पीड़ित परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं, उसे जांच पूरी होने से पहले ही राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर बैठाना न्याय की उम्मीदों पर करारा तमाचा है। उन्होंने मांग की कि दुष्यंत गौतम की यह नियुक्ति तुरंत रद्द की जाए और मामले की निष्पक्ष व समयबद्ध जांच हो।

​बेटी के जख्मों पर छिड़का जा रहा नमक

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अपनी जवान बेटी को खो चुके माता-पिता को न्याय के लिए सड़कों पर धक्के खाने पड़ रहे हैं और सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय उन पर पुलिसिया कार्रवाई कर रही है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा और पूर्व नगर अध्यक्ष अंजू द्विवेदी ने कहा कि इस तरह के फैसलों से साफ जाहिर होता है कि कथित वीआईपी को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है।

​प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने दो टूक कहा कि उत्तराखंड अपनी बेटी को भूला नहीं है और इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। इस दौरान हिमांशु गुप्ता, राजीव भार्गव, अजय गिरी, रचना शर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button