एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार भारत

दिल्ली से आकर हरिद्वार में मचाया तांडव: 5 वारदातों के बाद पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश ढेर, एक फरार

विशाल सिंह

भारत आवाज़ (24*7)

(विशाल सिंह) ​हरिद्वार। दिल्ली से ट्रेन पकड़कर धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे दो शातिर बदमाशों की हरकतों ने मंगलवार को पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। सुबह से लेकर रात तक एक के बाद एक तीन चेन स्नेचिंग और दो बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले इन बदमाशों को आखिरकार हरिद्वार पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।

​सघन चेकिंग अभियान में हत्थे चढ़ा आरोपी

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह के निर्देश पर शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में औद्योगिक चौकी पुलिस की टीम सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। घायल बदमाश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

​दिल्ली पुलिस में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले

​एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश निवासी राज साईं मंदिर सुल्तानपुरी (दिल्ली) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर मंगलवार सुबह हरिद्वार कनखल और ज्वालापुर क्षेत्र में चेन स्नेचिंग व बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा 30 सितंबर को रायवाला क्षेत्र में हुई चेन स्नेचिंग में भी यही शामिल थे।

​पुलिस ने आरोपी के कब्जे से

  • ​लूटी गई सोने की चेन
  • ​एक तमंचा व कारतूस
  • ​चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

​मौके से फरार हुए दूसरे बदमाश दिनेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें कांबिंग कर रही हैं। दिल्ली पुलिस से संपर्क करने पर पता चला कि दोनों के खिलाफ दिल्ली में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Related Articles

Back to top button