एक्सक्लूसिव खबरेंस्पोर्ट्सहरिद्वार भारत

हरिद्वार: स्कूल जा रही महिला प्रधानाचार्य से दिनदहाड़े सोने की चेन लूटी

पुलिस के दावों के बीच अपराधियों के हौसले बुलंद

भारत आवाज़ (24*7)

(ब्यूरो रिपोर्ट) ​हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत उत्तरी हरिद्वार (खड़खड़ी) में मंगलवार सुबह-सुबह स्नेचिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ड्यूटी पर जा रही एक महिला स्कूल प्रधानाचार्य को निशाना बनाते हुए दो बाइक सवार शातिर बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और पलक झपकते ही फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता देखने को मिल रही है।

​स्कूल जाते समय बनाया निशाना

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि खड़खड़ी क्षेत्र में मंगलवार सुबह चेन स्नेचिंग की घटना घटी। पीड़िता एक स्थानीय स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात हैं। जब वह सुबह अपने स्कूल की ओर पैदल जा रही थीं तभी पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने महिला को अकेला देखकर झपट्टा मारा और उनके गले से सोने की चेन खींचकर तेज रफ्तार में फरार हो गए।

​सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और आला अधिकारी हरकत में आए। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने खड़खड़ी और आसपास के मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस आसपास के दुकानों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान का सुराग मिल सके। हालांकि देर शाम तक आरोपियों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया था। कोतवाली प्रभारी ने दावा किया है कि संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​पुलिसिया सख्ती पर उठते सवाल

शहर में इस बात की जोरों पर चर्चा है कि एक तरफ जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) लगातार क्राइम मीटिंग लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई का दावा करते हैं वहीं दूसरी ओर बेखौफ बदमाश आए दिन पुलिस को सीधी चुनौती दे रहे हैं। हरिद्वार में लगातार बढ़ते अपराध के ग्राफ ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button