फायरिंग के बाद 112 पर दी झूठी सूचना: पथरी पुलिस ने 4 घंटे में आरोपी को दबोचा, रची थी गुमराह करने की साजिश
फायरिंग के बाद 112 पर दी झूठी सूचना: पथरी पुलिस ने 4 घंटे में आरोपी को दबोचा, रची थी गुमराह करने की साजिश
भारत आवाज़ (24*7)
( टीटू कुमार) हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के कटारपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग करने वाले आरोपी की चालबाजी को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर नाकाम कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस को गुमराह करने की नीयत से आरोपी अर्जुन ने खुद डायल 112 पर कॉल कर दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमले का आरोप मढ़ दिया था। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और जांच के सामने उसकी यह साजिश टिक न सकी और वह सलाखों के पीछे पहुँच गया।
पुलिस के अनुसार, कटारपुर में फायरिंग की घटना के बाद आरोपी अर्जुन ने खुद को बचाने के लिए झूठी पुलिस कॉल (112) कर दूसरे पक्ष को फंसाने की कोशिश की थी। जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच-पड़ताल की, तो पूरी सच्चाई परत-दर-परत खुलती चली गई।
झूठी सूचना का पर्दाफाश होते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अर्जुन को धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी मोहन कठैत, कांस्टेबल नरेश बहुगुणा, कांस्टेबल रविंद्र बिष्ट, कांस्टेबल सोहन राणा, कांस्टेबल अनिल पवार और कांस्टेबल सुबोध शर्मा शामिल रहे।




