एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार भारत

भगवानपुर में आदित्य राणा हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार

भगवानपुर में आदित्य राणा हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार

भारत आवाज़ (24*7)

​(ब्यूरो रिपोर्ट)हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत भगवानपुर क्षेत्र में हुए चर्चित आदित्य उर्फ आदि राणा हत्याकांड का महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में नामजद तीनों आरोपियों को इमली रोड टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया .315 बोर का देशी तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद कर लिया गया है।

​पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने बुलाकर मारी गोली

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 को भगवानपुर निवासी सागर ने पुलिस को तहरीर देकर अपने भाई आदित्य की हत्या का आरोप लगाया था। पीड़ित पक्ष का कहना था कि प्रताप कॉलोनी निवासी अनिल शर्मा और उसके दो बेटों राहुल शर्मा व रोहित शर्मा उर्फ लक्की ने पुराने विवाद के निस्तारण के बहाने आदित्य को अपने घर बुलाया और तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

​सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर ने घटना के अनावरण के लिए चार टीमों का गठन किया था। टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 3 अक्टूबर 2026 को सटीक सूचना पर पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों—अनिल शर्मा, राहुल शर्मा और रोहित शर्मा—को इमली रोड टोल प्लाजा के पास से धर दबोचा।

​भगवानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button