मेले की कहासुनी में खौफनाक मोड़: विशाल पर चलाई गोली, गंगनहर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद, पुरानी रंजिश के चलते की गई थी फायरिंग
भारत आवाज़ (24*7)
(ब्यूरो रिपोर्ट) रुड़की। मेले में हुई कहासुनी और हाथापाई के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पनियाला चंदापुर में एक युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के आरोपी 19 वर्षीय साहिब को गंगनहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
मेले में हुआ था झगड़ा
एसपी देहात अभय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 30 सितंबर को पनियाला चंदापुर निवासी विशाल पुत्र प्रवीण कुमार ने अज्ञात के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने की तहरीर दी थी। पूछताछ में आरोपी साहिब (19 वर्ष) पुत्र दिलदारा ने बताया कि 28 सितंबर को मेले में विशाल और उसके भाइयों से कहासुनी के दौरान हाथापाई हुई थी, जिसमें उसके भाई को चोट आई थी और गाली-गलौज की गई थी।
चाउमीन के ठेले के पास दिया वारदात को अंजाम
आरोपी के अनुसार, घटना वाले दिन विशाल अपनी गाड़ी से आ रहा था। सड़क किनारे चाउमीन का ठेला लगा होने की वजह से गाड़ी धीमी हुई, तभी गुस्से में आकर साहिब ने तमंचे से विशाल पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस टीम की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को दबोच लिया। तमंचा बरामद होने के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
- यह पूरी कार्रवाई गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई, जिसमें एसएसआई धर्मेन्द्र राठी, उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल और सीआईयू रुड़की की टीम शामिल रही।




