कुंभ-2027 की तैयारी जोरों पर: NHAI की हरिद्वार बाईपास परियोजना का मेलाधिकारी और IG ने किया स्थलीय निरीक्षण
कुंभ-2027 की तैयारी जोरों पर: NHAI की हरिद्वार बाईपास परियोजना का मेलाधिकारी और IG ने किया स्थलीय निरीक्षण

भारत आवाज़ (24*7)
हरिद्वार बाईपास के लंबित कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश; संसाधन बढ़ाकर दिन-रात काम करने पर जोर
कुंभ के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बहादराबाद से जगजीतपुर तक निर्माण कार्यों का जायजा
(विशाल सिंह) हरिद्वार, 23 अक्टूबर कुंभ मेला-2027 में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त बनाने के लिए मेला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शुक्रवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका और आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने पुलिस मेला प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के उच्च अधिकारियों के साथ हरिद्वार बाईपास परियोजना (पैकेज-1) के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल ने बहादराबाद से सराय होते हुए जगजीतपुर तक निर्माणाधीन मार्ग की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान मेलाधिकारी ने लंबित कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि कार्यस्थल पर आवश्यक संसाधन और श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात काम कराया जाए ताकि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी हो सकें।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष मंथन
स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कुंभ मेले के दौरान इस मार्ग के उपयोग दक्षद्वीप पार्किंग तक वाहनों की आवाजाही तथा प्रवेश-निकास (In-Out) मार्गों की कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की।
मेलाधिकारी सोनिका ने स्पष्ट किया कि:
- निर्माण कार्य इस रणनीति के साथ पूरे किए जाएं कि मेले के दौरान शहर में यातायात का दबाव न बढ़े।
- पार्किंग स्थलों तक पहुंचने वाले वाहनों का आवागमन पूरी तरह व्यवस्थित रहे।
- निर्माण में आ रही किसी भी व्यावहारिक समस्या के निस्तारण के लिए मेला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

सीसीटीवी से होगी निर्माण कार्यों की 24×7 निगरानी
कार्यों की गुणवत्ता और गति बनाए रखने के लिए मेलाधिकारी ने कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नियमित निगरानी करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा मेला प्रशासन के स्तर से परियोजनाओं की प्रगति की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से हरिद्वार को जोड़ने वाली हरिद्वार स्पर परियोजना सहित NHAI की अन्य सभी सड़क परियोजनाओं को भी कुंभ से पूर्व समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी
इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान कुंभ मेले से जुड़े कई वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे:
आयुष अग्रवाल (एसएसपी, कुंभ)
दयानंद सरस्वती (अपर मेलाधिकारी)
पुनीत गर्ग (परियोजना निदेशक, NHAI रुड़की खंड)
उमेश कुमार मलिक (सीओ, कुंभ)
हितेश कुमार (यातायात निरीक्षक) एवं अन्य संबंधित अधिकारी।




