एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार भारत

भगत सिंह चौक पर जानलेवा बने गड्ढे और बिखरे पत्थर

संबंधित विभाग के दावों की खुली पोल

भारत आवास (24 *7)

( विशाल सिंह )हरिद्वार। धर्मनगरी में बारिश थमते ही लोक निर्माण विभाग और प्रशासनिक दावों की जमीनी हकीकत सामने आने लगी है। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शामिल शहीद भगत सिंह चौक इस समय हादसों का मुख्य केंद्र बना हुआ है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों और हालिया निरीक्षण के बावजूद धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

​हाल ही में हुई दो दिनों की मूसलाधार बारिश ने सड़क निर्माण और रखरखाव के कार्यों की पूरी पोल खोलकर रख दी है। चौक पर जगह-जगह गहरे गड्ढे उभर आए हैं। सबसे खतरनाक बात यह है कि सड़क पर बड़ी मात्रा में नुकीले पत्थर और टाइल्स के टुकड़े बिखरे पड़े हैं, जो दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।

​गौरतलब है कि भगत सिंह चौक शहर का वह प्रमुख मार्ग है जहां से रोजाना प्रशासनिक अधिकारियों के काफिले गुजरते हैं। इसके बावजूद पिछले 48 घंटों से सड़क पर फैले मलबे और टाइल्स को हटाने की जहमत किसी विभाग ने नहीं उठाई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिलाधिकारी के ‘गड्ढा मुक्त सड़क’ के स्पष्ट आदेशों के बाद भी विभागीय अधिकारी बेपरवाह बने हुए हैं और शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।

​जलभराव और बदहाल सड़क को लेकर यह चौक पहले भी राजनीतिक विरोध-प्रदर्शनों का केंद्र रहा है। विपक्ष लगातार इस मुद्दे पर सरकार और प्रशासन को घेरता आया है, लेकिन धरातल पर सुधार के नाम पर शून्य ही नजर आता है। अधिकारियों की इस अनदेखी का खामियाजा रोज सफर करने वाली आम जनता को अपनी जान जोखिम में डालकर चुकाना पड़ रहा है।

Related Articles

Back to top button