हरिद्वार में परिवहन विभाग का चाबुक: 137 चालान काटे 22 बसों पर कार्रवाई; बिना हेलमेट वालों की भी ली क्लास
हरिद्वार में परिवहन विभाग का चाबुक: 137 चालान काटे 22 बसों पर कार्रवाई; बिना हेलमेट वालों की भी ली क्लास

भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार, 31 अक्टूबर सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और यात्री वाहनों के सुरक्षित संचालन को लेकर हरिद्वार परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में विभाग ने नियम तोड़ने वालों पर करारा प्रहार किया है। इस दौरान कुल 137 वाहनों के चालान किए गए जिनमें 22 बसें और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 72 चालक शामिल हैं।
यह अभियान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा और सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। चेकिंग टीम में परिवहन कर अधिकारी सुश्री वरुणा सैनी मुकेश भारती और सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन शामिल रहे।
लग्जरी और स्लीपर बसों की तकनीकी जांच पर जोर
एआरटीओ निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत लग्जरी और स्लीपर बसों के फिटनेस परमिट पंजीकरण बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके साथ ही बसों की तकनीकी स्थिति वाहन की संरचना आपातकालीन निकास और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
बिना हेलमेट वालों पर भी शिकंजा
दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ भी विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 72 चालान काटे गए। अधिकारियों ने वाहन चालकों और पीछे बैठने वाली सवारियों से मानक के अनुरूप हेलमेट पहनने और उसकी पट्टी (स्ट्रैप) सही से बांधने की अपील की है।
बस स्वामियों को चेतावनी
विभाग ने सभी बस स्वामियों और संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे सड़कों पर वाहन उतारने से पहले तकनीकी स्थिति दस्तावेजों और सुरक्षा उपकरणों की जांच सुनिश्चित करें। परमिट की शर्तों का पालन करने और वाहनों में किसी भी प्रकार का अनधिकृत बदलाव न कराने की हिदायत दी गई है।
परिवहन विभाग ने साफ किया है कि जिले में यात्री सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए यह चेकिंग और तकनीकी निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




