हरिद्वार में 11वें दिन भी जारी रहा विशेष स्वच्छता महाअभियान, संतों और नागरिकों ने हाथों में ली झाड़ू
हरिद्वार में 11वें दिन भी जारी रहा विशेष स्वच्छता महाअभियान, संतों और नागरिकों ने हाथों में ली झाड़ू

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार, 31 अक्टूबर: महाकुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर चलाया जा रहा विशेष स्वच्छता महाअभियान शुक्रवार को 11वें दिन भी पूरे उत्साह के साथ जारी रहा। कुंभ मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में प्रशासन, नगर निगम, साधु-संतों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने मिलकर शहर के प्रमुख गंगा घाटों व सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया।
हनुमान घाट से लेकर श्मशान घाट तक हुई सफाई
अभियान के तहत हनुमान घाट, कुशा घाट, विष्णु घाट तथा कनखल स्थित आयरिश पुल श्मशान घाट तक व्यापक सफाई की गई। इस दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों से टनों कूड़ा व अपशिष्ट एकत्र कर नगर निगम को उचित निस्तारण के लिए सौंपा गया।
इसके साथ ही जिला पंचायत हरिद्वार द्वारा विकास खंड बहादराबाद के पृथ्वीराज चौक और रोशनाबाद के हेतमपुर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर 46 किलो सिंगल यूज़ प्लास्टिक व पॉलीथीन एकत्रित की गई जिसे कंपैक्टर शेड बहादराबाद भेजा गया।
जनसहभागिता बनी अभियान की ताकत
कुंभ 2027 को दिव्य और भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दे रहा है। शुक्रवार को राष्ट्रीय पंजाबी महासभा, गुरु नानक देव जी घाट समिति, आदर्श विकास समिति तथा पन्नालाल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने रानीपुर और हर की पौड़ी क्षेत्र में सफाई की।
एकम्स (मिश्री मठ) के हजारों अनुयायियों और श्रद्धालुओं ने स्वच्छता में हिस्सा लिया, जिसके बाद दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से एकत्रित कचरे को निस्तारण स्थल तक पहुंचाया गया।
प्रशासन की अपील: गंगा में न डालें कपड़े व अपशिष्ट
जिला प्रशासन ने आमजन, श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों से इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। प्रशासन ने आग्रह किया है कि:
- गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं।
- पुराने कपड़े या अन्य अपशिष्ट सामग्री गंगा में प्रवाहित करने के बजाय केवल निर्धारित स्थानों/डस्टबिन में ही डालें, ताकि उनका उचित निस्तारण हो सके।
संतों व प्रशासनिक अधिकारियों की रही गरिमामयी मौजूदगी
इस स्वच्छता अभियान में धार्मिक गुरुओं और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। अभियान के दौरान मिश्री मठ के मठाधीश महामंडलेश्वर श्री करोली शंकर महाराज, नया उदासीन अखाड़ा के अध्यक्ष श्री महंत धूनी दास जी महाराज, भारत साधु समाज से महंत ऋषिवरानंद जी महाराज, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, योगी आशुतोष स्वामी जी, घाट समिति अध्यक्ष हरमोहन तनेजा, वरुण भाटिया, लक्ष्मण सिंह सेठी, सतनाम भाटिया सहित आदर्श विकास समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
- हरिद्वार में महाकुंभ 2027 की तैयारी तेज: 11वें दिन भी गरजा स्वच्छता महाअभियान, संतों ने भी किया श्रमदान
- कुंभ मेलाधिकारी सोनिका व DM मयूर दीक्षित की अगुवाई में चमके हरिद्वार के गंगा घाट, टनों कूड़ा निस्तारित
- स्वच्छ धर्मनगरी-भव्य कुंभ: हर की पौड़ी से कनखल तक चला स्वच्छता अभियान, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा




