कोर विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस, छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली
कोर विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस, छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली
हरिद्वार। कोर विश्वविद्यालय (COER University) के कॉलेज ऑफ फार्मेसी में ‘विश्व फार्मासिस्ट दिवस’ अत्यंत उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। इस वर्ष यह दिवस ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों का सशक्तिकरण’ थीम पर आधारित रहा। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवा, रोगी सुरक्षा और जन-स्वास्थ्य के सुदृढ़ीकरण में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों ने एक जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया, जिसके माध्यम से ‘स्वस्थ भारत: रोगाणुरोधी प्रतिरोध (Anti-Microbial Resistance) से मुकाबला’ का संदेश दिया गया। रैली में एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार और सीमित उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा, छात्रों के ज्ञान और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए साइट्स, वैज्ञानिक पोस्टर मेकिंग, फार्मा क्विज और रील मेकिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विजेताओं को पदक, पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
फार्मासिस्ट दवा और मरीज के बीच का सेतु: के.एस. फरस्वान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार के.एस. फरस्वान ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि फार्मासिस्ट दवा और मरीज के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। उन्होंने छात्रों से पूरी ईमानदारी के साथ कार्य करने, निरंतर सीखने और रोगी की सुरक्षा को सदैव सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य सेवा के मौन प्रहरी हैं फार्मासिस्ट: जे.सी. जैन
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जे.सी. जैन ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के ‘मौन प्रहरी’ हैं। कोर विश्वविद्यालय कुशल, नैतिक और सामाजिक रूप से जिम्मेदार पेशेवरों को तैयार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वहीं, कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ममता एफ. सिंह ने कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवा देने वाला व्यक्ति नहीं है, बल्कि वह स्वास्थ्य सेवाओं का एक विश्वसनीय साथी है। बेहतर परामर्श और सामाजिक जागरूकता के जरिए फार्मासिस्ट समाज को अधिक स्वस्थ बना सकते हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. श्रेयांस जैन, कार्यकारी निदेशक डॉ. चारू जैन, कुलपति डॉ. अनुभा सिंह, प्रति-कुलपति डॉ. राजेश कुमार उपाध्याय सहित कॉलेज के समस्त शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




