चर्चा: हरिद्वार के जंगलों में रहस्यमयी परिस्थितियों में हाथी की मौत वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे बड़े सवाल
चर्चा: हरिद्वार के जंगलों में रहस्यमयी परिस्थितियों में हाथी की मौत वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे बड़े सवाल

भारत आवाज़ (24*7)
हरिद्वार: हरिद्वार के बिल्केश्वर कॉलोनी के समीप जंगल क्षेत्र में एक वयस्क हाथी की अचानक हुई मौत से पूरे वन विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी लेकिन मौत के असल कारणों पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल
इस संवेदनशील मामले को लेकर वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की तरफ से कोई भी स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। मीडिया द्वारा संपर्क करने पर भी किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। यहां तक कि राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक से भी फोन पर संपर्क साधने का प्रयास असफल रहा।
घटनास्थल से मीडिया को दूर रखने पर संशय
हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद से ही मीडिया कर्मियों को घटनास्थल से दूर रखा गया जिससे विभागीय कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गोपनीयता से विभाग की मंशा पर संदेह पैदा होता है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, हाथी की मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, इस घटना ने राजाजी टाइगर रिजर्व और हरिद्वार वन क्षेत्र की सुरक्षा और वन्यजीवों की निगरानी व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। अब देखना यह होगा कि वन विभाग इस मामले में कब तक आधिकारिक पर्दाफाश करता है।




