पत्नी के वियोग में मोबाइल टावर पर चढ़ा सिरफिरा पति 10 घंटे की मशक्कत के बाद SDRF और पुलिस ने बचाई जान
पत्नी के वियोग में मोबाइल टावर पर चढ़ा सिरफिरा पति 10 घंटे की मशक्कत के बाद SDRF और पुलिस ने बचाई जान

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार: शिवालिक नगर क्षेत्र में सोमवार को एक व्यक्ति द्वारा पत्नी के छोड़कर जाने के गम में मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब 10 घंटे तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस और SDRF की टीम ने बड़ी सूझबूझ से व्यक्ति की जान बचा ली।
सुबह 11 बजे से डटे रहे जांबाज सिपाही
स्थानीय लोगों के अनुसार, व्यक्ति को टावर पर चढ़ा देख तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची रानीपुर कोतवाली के सिपाही अर्जुन कुमार ने सुबह 11:00 बजे से ही मोर्चा संभाला और लगातार टावर पर अपनी नजर गड़ाए रहे। इसके साथ ही SDRF की टीम भी बचाव कार्य में पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस और राहत टीम की सूझबूझ और लंबी मान-मनौव्वल के बाद आखिरकार रात करीब 9:30 बजे व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
पहले भी हापुड़ और बुलंदशहर में कर चुका है ऐसी हरकत
पुलिस पूछताछ में आरोपी व्यक्ति ने कबूल किया कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई है जिसके गम में वह आत्महत्या करने के इरादे से टावर पर चढ़ा था। हालांकि स्थानीय लोगों ने यह भी खुलासा किया कि यह व्यक्ति मानसिक या भावनात्मक रूप से ऐसी हरकतें पहले भी कर चुका है। इससे पूर्व वह हापुड़ और बुलंदशहर में भी मोबाइल टावर पर चढ़कर इसी प्रकार का ड्रामा कर चुका है और अब हरिद्वार में उसने यही हरकत दोहराई। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।




