एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार भारत

शिवालिक नगर में व्यापार मंडल की आपात बैठक: सुप्रीम कोर्ट के आदेश से व्यापारियों में चिंता, मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन

शिवालिक नगर में व्यापार मंडल की आपात बैठक: सुप्रीम कोर्ट के आदेश से व्यापारियों में चिंता, मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन

भारत आवाज़ (24*7)

(विशाल सिंह)​ हरिद्वार। शिवालिक नगर व्यापार मंडल (रजिस्टर्ड) की एक महत्वपूर्ण बैठक व्यापार मंडल कार्यालय में आयोजित की गई। इस बैठक में आवासीय क्षेत्रों में लंबे समय से संचालित दुकानों और व्यावसायिक गतिविधियों पर सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के बाद पैदा हुई स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई।

​बैठक के दौरान व्यापारियों ने अपनी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आवासीय कॉलोनियों में वर्षों से चल रही दुकानों पर यदि किसी भी तरह की हटाने या ध्वस्तीकरण (तोड़फोड़) की कार्रवाई होती है, तो इससे सैकड़ों छोटे व्यापारियों और उनके परिवारों के सामने आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।

​व्यापारियों के हितों के लिए मजबूती से लड़ेगा व्यापार मंडल

शिवालिक नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विभास सिन्हा ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि व्यापार मंडल इस कठिन समय में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। उन्होंने घोषणा की कि व्यापारियों की भावनाओं और समस्याओं से अवगत कराने के लिए जल्द ही प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की जाएगी कि वह व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय का कोई व्यवहारिक और उचित समाधान निकाले।

​अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शासन और प्रशासन के समक्ष व्यापारियों का पक्ष मजबूती से रखा जाएगा ताकि किसी भी व्यापारी के रोजगार पर आंच न आए।

इस महत्वपूर्ण बैठक में रिंकू चौरसिया, विवेक गुप्ता, शिवेश गुप्ता, प्रवीण तिवारी, मयंक, सुदीप जैन, ललित एरन, हिमांशु माहेश्वरी, अंकित वर्मा, विवेक जैन, विनीत गर्ग, अनिल कुमार और संजय लाल समेत क्षेत्र के अनेक प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button