सिंचाई विभाग के नाले को तोड़कर होटल निर्माण का आरोप किसान यूनियन ने दी प्राधिकरण के घेराव की चेतावनी
सिंचाई विभाग के नाले को तोड़कर होटल निर्माण का आरोप किसान यूनियन ने दी प्राधिकरण के घेराव की चेतावनी

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार। लक्सर रोड स्थित भागीरथी विहार, मिसरपुर में सिंचाई विभाग के नाले को ध्वस्त कर बहुमंजिला होटल निर्माण (होटल ग्रैंड ललित जी) कराए जाने का मामला गरमा गया है। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अंकित चौहान ने एक प्रेस वार्ता कर संबंधित विभागों और विकास प्राधिकरण के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।
अंकित चौहान ने बताया कि किसानों की फसलों की सिंचाई के लिए इस्तेमाल होने वाले लगभग 6 से 7 फीट चौड़े नाले को ध्वस्त कर वहां होटल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अवैध निर्माण के संबंध में उपजिलाधिकारी (SDM) को अवगत कराया गया था और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उच्च न्यायालय के आदेशों की भी हो रही अनदेखी
प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई न होने के बाद किसान यूनियन को उच्च न्यायालय (High Court) का दरवाजा खटखटाना पड़ा। मामले की सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने 13 अक्टूबर 2026 को मौके पर ‘यथास्थिति’ बनाए रखने के आदेश जारी किए।
अंकित चौहान का आरोप है कि:
हाईकोर्ट के आदेश के बाद हम रुड़की/हरिद्वार विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से मिले जहां अधिकारियों ने हमें आश्वासन दिया था कि अब मौके पर कोई निर्माण कार्य नहीं होगा। इसके बावजूद होटल के मालिक न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करते हुए लगातार निर्माण कार्य जारी रखे हुए हैं।
3 दिन से जगा रहे सोए हुए विभाग को
किसान नेता ने कहा कि पिछले तीन दिनों से वे और किसान यूनियन के प्रतिनिधि संबंधित विभाग को नींद से जगाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
चेतावनी:
किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अंकित चौहान ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि संबंधित विभाग और प्रशासन ने जल्द ही इस मामले में संज्ञान लेकर निर्माण कार्य नहीं रुकवाया और नाले की पूर्व स्थिति बहाल नहीं की तो भारतीय किसान यूनियन रुड़की विकास प्राधिकरण के कार्यालय का पूर्ण रूप से घेराव करेगी जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।




