त्योहारों पर मनमाना किराया वसूला या की ओवरलोडिंग तो खैर नहीं! हरिद्वार में 45 वाहनों के कटे चालान
त्योहारों पर मनमाना किराया वसूला या की ओवरलोडिंग तो खैर नहीं! हरिद्वार में 45 वाहनों के कटे चालान

भारत आवाज़ (24*7)

(आशु कुमार) हरिद्वार 7 नवंबर : त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और किराए में होने वाली धांधली को रोकने के लिए परिवहन विभाग पूरी तरह सख्त हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर विभाग ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 45 वाहनों का चालान काटा है।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व और इंटरसेप्टर प्रभारी सुश्री वरुणा सैनी की देखरेख में चलाए गए इस अभियान के तहत ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा चालकों पर पैनी नजर रखी गई। चेकिंग के दौरान ओवरलोडिंग, निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने और परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले कुल 45 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
चालकों की काउंसलिंग और सख्त चेतावनी
कार्रवाई के साथ-साथ परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को बुलाकर काउंसलिंग भी की। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि चालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारों में बढ़ी भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों से ज्यादा किराया न वसूलें। साथ ही उन्हें यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने सीमित संख्या में सवारी बैठाने और सुरक्षित वाहन चलाने की सलाह दी गई।
यात्रियों से अपील: शिकायत करें, कार्रवाई होगी
परिवहन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी वाहन चालक तय दर से अधिक किराया मांगता है तो उसका गाड़ी नंबर और यात्रा का विवरण संभाल कर रखें और तुरंत विभाग में शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत मिलने पर संबंधित चालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




