कुंभ-2027 की तैयारियां तेज़: बहादराबाद और ज्वालापुर में बन रहे नए गंगा घाट अपर मेलाधिकारी ने लिया जायजा
कुंभ-2027 की तैयारियां तेज़: बहादराबाद और ज्वालापुर में बन रहे नए गंगा घाट अपर मेलाधिकारी ने लिया जायजा

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को भव्य सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए हरिद्वार में गंगा घाटों के निर्माण कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बहादराबाद और ज्वालापुर क्षेत्र में निर्माणाधीन विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के सख्त निर्देश दिए।
गंगनहर बंदी के दौरान युद्धस्तर पर कार्य के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने कहा कि गंगनहर बंदी की अवधि का पूरा उपयोग करते हुए घाटों के जलमग्न हिस्सों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए समय-समय पर थर्ड पार्टी निरीक्षण और तकनीकी जांच कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान के लिए एक मजबूत और सुरक्षित संरचना मिल सके।
बहादराबाद और ज्वालापुर को मिलेंगे नए घाट
कुंभ मेला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण घाटों का निर्माण कराया जा रहा है:
- बहादराबाद (बैरियर संख्या 6): यहां लगभग 200 मीटर लंबा भव्य छठ पूजा घाट आकार ले रहा है।
- ज्वालापुर (जटवाड़ा पुल अपस्ट्रीम): यहां करीब 300 मीटर लंबे विशाल घाट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
- दुर्गा मंदिर के समीप: स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए 30 मीटर लंबे एक अन्य घाट का निर्माण किया जा रहा है।
वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से स्थानीय लोगों में हर्ष
ज्वालापुर के स्थानीय नागरिकों और मंदिर समिति के सदस्यों ने इन घाटों के निर्माण के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि गंगा स्नान के लिए पक्के और सुरक्षित घाटों की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इनके निर्माण से न केवल कुंभ मेले के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी बल्कि स्थानीय स्तर पर विभिन्न धार्मिक आयोजनों व पर्वों पर भी भीड़ प्रबंधन आसान होगा।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित मेला प्रशासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।




