यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन, कुम्भ मेला एसएसपी ने किया प्रमुख पार्किंग स्थलों का निरीक्षण
यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन, कुम्भ मेला एसएसपी ने किया प्रमुख पार्किंग स्थलों का निरीक्षण

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार । (27) अक्टूबर : आगामी कुम्भ मेले के सफल आयोजन और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। मेले के दौरान शहर को जाम मुक्त रखने और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए तैयार किए गए यातायात प्लान के तहत आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुम्भ मेला, आयुष अग्रवाल ने प्रमुख वाहन पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

लाखों वाहनों की क्षमता वाली पार्किंगों का लिया जायजा
एसएसपी कुम्भ मेला ने दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस-वे, सहारनपुर, हरियाणा और पंजाब की दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने:
- धीरवाली पार्किंग: (क्षमता: लगभग 14,000 वाहन)
- चिन्मय कॉलेज पार्किंग: (क्षमता: लगभग 8,000 वाहन)
- सैनिक फार्म बहादराबाद पार्किंग: (क्षमता: लगभग 20,000 वाहन)
की वर्तमान स्थिति समतलीकरण के कार्य लेआउट प्लान तथा वाहनों के प्रवेश और निकास मार्गों का बारीकी से अवलोकन किया।

समय पर कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसएसपी आयुष अग्रवाल ने पार्किंगों के सेक्टर प्लान और ट्रैफिक फ्लो (यातायात के दबाव) को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग (PWD) यातायात पुलिस के अधिकारियों तथा संबंधित ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि:
- पार्किंग स्थलों के समतलीकरण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
- वाहनों के प्रवेश और निकास द्वार इस तरह से डिजाइन किए जाएं जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित न हो।
पुलिस प्रशासन का लक्ष्य कुम्भ मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुगम सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात अनुभव प्रदान करना है।




