हरिद्वार: यात्रियों को लुभाने के चक्कर में भिड़ीं 8 महिलाएं सड़क पर जमकर हुआ हंगामा; पुलिस ने सिखाय सबक
हरिद्वार: यात्रियों को लुभाने के चक्कर में भिड़ीं 8 महिलाएं सड़क पर जमकर हुआ हंगामा; पुलिस ने सिखाय सबक
भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के सबसे व्यस्त इलाके में सार्वजनिक स्थान पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब राहगीरों व यात्रियों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर महिलाओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर जमकर गाली-गलौच और हाथापाई शुरू हो गई। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों की 8 महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
रोडवेज बस अड्डे के पास मचा बवाल
शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रोडवेज बस अड्डे से आगे रेलवे गेट के पास महिलाओं के दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। यात्रियों को अपनी तरफ खींचने की होड़ में शुरू हुई यह बहस थोड़ी ही देर में हाथापाई में बदल गई। सरेराह हुए इस हंगामे से मौके पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 8 महिलाएं हिरासत में
क्षेत्र में मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और माहौल बिगड़ने से रोक लिया। शांति भंग करने और सार्वजनिक स्थान पर माहौल खराब करने के आरोप में पुलिस ने आठों महिलाओं के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126, 135 और 170 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ पर सख्त हिदायत
कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। पुलिस प्रशासन का साफ कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है और ऐसी किसी भी अप्रिय घटना या हुड़दंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




