हरिद्वार में टूटी सड़कों और गड्ढों को लेकर फूटा आक्रोश: सुनील सेठी के नेतृत्व में हुआ जोरदार विरोध प्रदर्शन
हरिद्वार में टूटी सड़कों और गड्ढों को लेकर फूटा आक्रोश: सुनील सेठी के नेतृत्व में हुआ जोरदार विरोध प्रदर्शन

भारत आवाज़ (24*7)
मुख्यमंत्री के आदेशों की भी हो रही अवहेलना विभागों की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल
15 दिन का अल्टीमेटम: चेतावनी दी गई कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो होगा बड़ा आंदोलन
(टीटू कुमार) हरिद्वार: उत्तरी हरिद्वार में सड़कों की जर्जर हालत और बड़े-बड़े गड्ढों के खिलाफ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने सुनील सेठी के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने संबंधित विभागों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिम्मेदार विभाग मुख्यमंत्री के सख्त आदेशों को भी दरकिनार कर रहे हैं और कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं।
इन सड़कों की हालत बेहद खराब
सुनील सेठी ने बताया कि उत्तरी हरिद्वार की सर्विस लेन विशेषकर उत्तरी हरिद्वार की कॉलोनियों सप्तऋषि घाट, सप्तसरोवर और भारत माता मंदिर मार्ग की सड़कें पूरी तरह खस्ताहाल हैं। सीवर कार्यदाई संस्था की घोर लापरवाही, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और एनएचएआई की उदासीनता के कारण स्थिति बद से बदतर हो गई है।
उन्होंने कहा कि सप्तऋषि से दूधाधारी चौक सर्वानंद और सप्तसरोवर रोड पर चलना अब मौत को दावत देने जैसा हो गया है। सड़कों पर बने गड्ढों के कारण राहगीर चोटिल हो रहे हैं स्कूल बसें धंसने से बाल-बाल बच रही हैं और दोपहिया-चारपहिया वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है।
बिना रोडमैप खुदाई और जनता की परेशानी
पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास महंत शुभम गिरी गायत्री व्यापार मंडल अध्यक्ष भागीरथ प्रजापति और संगठन महामंत्री हरिमोहन भारद्वाज ने संयुक्त रूप से रोष व्यक्त करते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के रातों-रात सड़कें खोद दी जाती हैं। इस दौरान कभी बिजली कभी पानी तो कभी गैस की लाइनें तोड़ दी जाती हैं। बिना किसी सुनियोजित रोडमैप के हो रही इस अंधाधुंध खुदाई के कारण जनता पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी त्रस्त है।
मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से सख्त कार्रवाई की मांग
विरोध प्रदर्शन के बाद इस पूरी समस्या की शिकायत माननीय मुख्यमंत्री को पुनः भेजी गई है और उनसे सड़क मार्ग से हरिद्वार आकर जमीनी हकीकत देखने की अपील की गई है। साथ ही जिला प्रशासन और जिलाधिकारी से मांग की गई है कि जनता की जान जोखिम में डालने वाले इन लापरवाह विभागों के अधिकारियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।
यदि तय समय सीमा (15 दिन के अल्टीमेटम) के भीतर सड़कों की मरम्मत और व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों और व्यापारियों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में ये प्रमुख लोग रहे शामिल:
कार्यक्रम में गायत्री व्यापार मंडल महामंत्री लाल जी यादव, सतनाम सिंह, गोकुल डबराल, देवेंद्र गोयल, एडवोकेट मेघराज, धर्मेंद्र बब्बर, श्री निवास गोयल, सन्नी अरोड़ा, श्रेय शास्त्री, विकास गुप्ता, सावन कुमार, राजेश पांडे, सुशील कुमार, हरीश अरोड़ा, ओम प्रकाश भट्ट, गौरव खन्ना, पवन पांडे, अशोक बजाज, अमित शर्मा, नीरज मिश्रा, मुकेश ठाकुर, दीपक रावत, राजेश पाठक, लक्की अनेजा, एस.एन. तिवारी, अशोक तिवारी, राकेश सिंह, गौरव शर्मा, जुगल किशोर, नंदकिशोर पांडे, आशीष अग्रवाल, सचिन अग्रवाल सहित सैकड़ों व्यापारी और स्थानीय क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




