जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल: हरिद्वार में यातायात में बाधा बन रहे अनुपयोगी विद्युत पोल हटाए गए
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल: हरिद्वार में यातायात में बाधा बन रहे अनुपयोगी विद्युत पोल हटाए गए

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह ) हरिद्वार । हरिद्वार शहर को सुंदर सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद विद्युत विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों से यातायात को बाधित कर रहे अनुपयोगी विद्युत पोलों को हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है।
इसी कड़ी में विद्युत विभाग द्वारा भगत सिंह चौक से शंकराचार्य चौक तक सड़क किनारे लगे लगभग 15 अनुपयोगी विद्युत पोलों को हटा दिया गया है। इसके साथ ही इन पोलों पर विभिन्न कंपनियों एवं लोकल केबल ऑपरेटरों द्वारा फैलाए गए तारों और केबलों के जाल को भी साफ किया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता दीपक सैनी ने बताया:
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में शहर भर में ऐसे पोलों को चिह्नित किया जा रहा है जो वर्तमान में उपयोग में नहीं हैं और यातायात में रुकावट पैदा कर रहे हैं। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़कों को बाधामुक्त बनाना तथा शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाना है।
उन्होंने यह भी बताया कि कई स्थानों पर इन पोलों के सहारे निजी कंपनियों और केबल ऑपरेटरों ने अनावश्यक तार लटका रखे थे जिससे हादसों का खतरा बना रहता था। पोलों को हटाने के साथ-साथ इन तारों को भी पूरी तरह हटा दिया गया है जिससे सड़कों के आसपास का रूप निखर कर सामने आया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे स्थानों का चिह्नीकरण जारी है जहाँ अनुपयोगी पोल आवागमन में परेशानी पैदा कर रहे हैं। जल्द ही पूरे शहर में अभियान चलाकर इन्हें हटाया जाएगा ताकि आम नागरिकों को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।




