हरिद्वार में स्वतंत्रता सेनानी शहीद कीर्ति स्तंभ का लोकार्पण स्वाधीनता के पथिक पुस्तक का भी हुआ विमोचन
हरिद्वार में स्वतंत्रता सेनानी शहीद कीर्ति स्तंभ का लोकार्पण स्वाधीनता के पथिक पुस्तक का भी हुआ विमोचन

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार : ज्वालापुर के शहीद जगदीश वत्स पार्क (निकट पुल जटवाड़ा) में रविवार को एक भव्य समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानी शहीद कीर्ति स्तंभ का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही जिला प्रशासन द्वारा प्रकाशित पुस्तक स्वाधीनता के पथिक – हरिद्वार के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का भी औपचारिक विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रतिनिधि के रूप में विधायक आदेश चौहान, हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव प्रत्युष सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद और महापौर श्रीमती किरण जैसल ने संयुक्त रूप से शिरकत की। कार्यक्रम में हरिद्वार, देहरादून और कुमाऊं क्षेत्र से बड़ी संख्या में स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारी उपस्थित रहे।
529 स्वतंत्रता सेनानियों के नाम हुए स्वर्णकिंत
विधायक आदेश चौहान ने स्तंभ का अनावरण करते हुए कहा कि जनपद हरिद्वार के 529 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम श्यामवर्णी शिलापट्टों पर सुनहरे अक्षरों में उकेरे गए हैं। इस कीर्ति स्तंभ के माध्यम से हरिद्वार का गौरवशाली स्वतंत्रता इतिहास सदियों तक याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल संबोधन
नए राज्यपाल के आगमन के कारण कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल न हो सके मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो संदेश के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान हमारी रीति-नीति और संस्कारों में रचा-बसा है। हम उनके त्याग और समर्पण को कभी नहीं भुला सकते।
उत्तराधिकारियों की प्रमुख मांगें और पुस्तक का विवरण
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने सेनानी परिवारों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने शहीद जगदीश वत्स सेवा सदन के निर्माण, सम्मान पेंशन बढ़ाकर 5000 रुपये प्रति उत्तराधिकारी करने तथा राज्य परिवहन की बसों में निमुल्क यात्रा व आरक्षण के दायरे को बढ़ाने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद द्वारा गठित संपादकीय मंडल—मुख्य संपादक जितेन्द्र रघुवंशी, डॉ. संतोष चमोला, दिनेश सिंह रावत और डॉ. मीरा भारद्वाज—के मार्गदर्शन में तैयार की गई पुस्तक का विमोचन किया गया।
समारोह का संचालन सुरेशचंद्र सुयाल ने किया तथा अंत में समिति के अध्यक्ष देशबन्धु ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को शाल एवं माला पहनाकर सम्मानित भी किया गया।




