एक्सक्लूसिव खबरेंराजनीतिहरिद्वार भारत

सुप्रीम कोर्ट के सीलिंग आदेश से चिंतित शिवालिक नगर के व्यापारी मिले मुख्यमंत्री धामी से, शीघ्र समाधान का मिला आश्वासन

सुप्रीम कोर्ट के सीलिंग आदेश से चिंतित शिवालिक नगर के व्यापारी मिले मुख्यमंत्री धामी से, शीघ्र समाधान का मिला आश्वासन

भारत आवाज़ (24*7)

​(विशाल सिंह) हरिद्वार। आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उत्पन्न सीलिंग और ध्वस्तीकरण के डर को लेकर शिवालिक नगर के व्यापारी लामबंद हो गए हैं। ‘शिवालिक नगर व्यापार मंडल रजिस्टर्ड’ के अध्यक्ष विभास सिन्हा के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने रानीपुर विधायक आदेश चौहान के माध्यम से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और चिंताएं साझा कीं।

​मुलाकात के दौरान व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद आवासीय क्षेत्रों में चल रही दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीलिंग और तोड़फोड़ का खतरा मंडरा रहा है। इससे स्थानीय व्यापारियों के बीच अपनी आजीविका और व्यापार को लेकर भारी अनिश्चितता और भय का माहौल बना हुआ है।

​मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारियों की बात को बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार व्यापारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और कानून के दायरे में रहते हुए इस समस्या का जल्द से जल्द कोई उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

​मुख्यमंत्री धामी ने शिवालिक नगर व्यापार मंडल द्वारा व्यापारियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपनी समस्याओं को संगठित और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के समक्ष रखना एक सराहनीय एवं सकारात्मक पहल है।

​मुलाकात के बाद व्यापार मंडल के अध्यक्ष विभास सिन्हा ने व्यापारियों की बात को प्राथमिकता से सुनने और सकारात्मक आश्वासन देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं विधायक आदेश चौहान का धन्यवाद जताया। सिन्हा ने कहा कि शिवालिक नगर के सभी व्यापारी एकजुट हैं। अपने अधिकारों और रोजी-रोटी की रक्षा के लिए व्यापार मंडल आगे भी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ढंग से अपनी आवाज उठाता रहेगा।

Related Articles

Back to top button