पिरान कलियर: रैन बसेरे में 6 साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पिरान कलियर: रैन बसेरे में 6 साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
भारत आवाज़ (24*7)
(ब्यूरो रिपोर्ट) पिरान कलियर। रैन बसेरे में परिजनों के साथ रुकी एक छह वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। देर रात हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी और बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची अपने परिवार के साथ रैन बसेरे में ठहरी हुई थी। वारदात के समय बच्ची के परिजन लंगर लेने गए हुए थे। इसी दौरान बच्ची के साथ कथित रूप से यह घटना घटी। परिजनों को जैसे ही मामले की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
आरोपी की तलाश में जुटीं कई टीमें
पुलिस ने रैन बसेरे और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि घटना के वक्त आसपास मौजूद लोगों की पहचान की जा सके। स्थानीय निवासियों और रैन बसेरे के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान और जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मेडिकल रिपोर्ट सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




