राजकमल कॉलेज के छात्रों ने पतंजलि हर्बल गार्डन का किया शैक्षिक भ्रमण, जानी औषधीय पौधों की महत्ता
राजकमल कॉलेज के छात्रों ने पतंजलि हर्बल गार्डन का किया शैक्षिक भ्रमण, जानी औषधीय पौधों की महत्ता
भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार। राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज, बहादराबाद के विद्यार्थियों ने पतंजलि हर्बल गार्डन एवं अनुसंधान केंद्र का एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण किया। इस शैक्षणिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के किताबी ज्ञान को प्रयोगात्मक अनुभव से जोड़ना और उन्हें औषधीय पौधों तथा हर्बल अनुसंधान की वैज्ञानिक प्रक्रियाओं से रूबरू कराना था।
भ्रमण के दौरान वनस्पति विज्ञान के विशेषज्ञों ने छात्रों को विभिन्न औषधीय पौधों की पहचान, उनके गुण, चिकित्सीय उपयोगिता और उनके संरक्षण के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों ने गार्डन में रोपित तुलसी, गिलोय, अश्वगंधा, एलोवेरा, पाथरचट्टा और ब्राह्मी सहित अनेक प्रजातियों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही छात्रों ने अनुसंधान केंद्र में हर्बल उत्पादों के परीक्षण और निर्माण की वैज्ञानिक तकनीकों को भी समझा।
वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. दीपा ने बताया कि इस प्रकार के प्रत्यक्ष अनुभव से विद्यार्थियों में विषय के प्रति जिज्ञासा और शोध की भावना विकसित होती है। वहीं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने कहा, “शिक्षा को केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। व्यावहारिक ज्ञान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अनुसंधान क्षमता के विकास के लिए अनुसंधान केंद्रों का भ्रमण आवश्यक है।”
विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से कई जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे और इस भ्रमण को अपने शैक्षणिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी व प्रेरणादायी बताया।




