हरिद्वार में कांग्रेस का प्रचंड आक्रोश: कुमारी सैलजा और अशोक शर्मा का बीजेपी सरकार पर करारा प्रहार
विशाल सिंह
भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की महासचिव और उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार मुर्दाबाद और ज्ञानेश कुमार गद्दी छोड़ो के गगनभेदी नारे लगाते हुए सत्तारूढ़ दल के मुंह पर करारा तमाचा जड़ा है।
मोदी सरकार देश में नफरत फैलाकर ले रही आनंद कुमारी सैलजा

प्रदर्शन के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने भाजपा पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार एकतरफा फैसले लेकर देश के भाई-बहनों के बीच दरार डालने का काम कर रही है। भाजपा जात-पात के नाम पर लोगों के दिलों में दुश्मनी की ज्वाला भड़काती है और फिर उस पर अपनी राजनीतिक रोटी सेंककर आनंद लेती है।

कुमारी सैलजा ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पूरी तरह से भाजपा के समर्थन में काम कर रहे हैं। वोटिंग मशीनों में हेराफेरी कर फर्जी वोट डलवाने में उनका पूरा हाथ है। सैलजा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनमानस में जोश भरते हुए कहा कि इस बार कांग्रेस पार्टी इतनी मजबूत स्थिति में खड़ी होगी कि आने वाले चंद महीनों के भीतर ही इसका असर पूरा देश देखेगा।
ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, वरना बजता रहेगा अशोक शर्मा का डमरू: अशोक शर्मा
पूर्व मेयर प्रतिनिधि और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक शर्मा ने भी भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी नीतियों से नहीं, बल्कि ज्ञानेश कुमार की बैसाखियों के दम पर बार-बार जीत का परचम लहरा रही है। भाजपा को ज्ञानेश कुमार की ओर से पूरा शह मिला हुआ है, जिसकी मदद से यह सरकार खुलेआम ‘वोट चोरी’ का खेल खेल रही है।
अशोक शर्मा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि भाजपा सरकार अपनी गलत हरकतों और कृत्य से बाज नहीं आई, तो धर्मनगरी हरिद्वार की धरती पर लगातार उग्र विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक हरिद्वार की सड़कों पर अशोक शर्मा का डमरू निरंतर बजता रहेगा और सरकार की ईंट से ईंट बजा दी जाएगी।
कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी
इस उग्र प्रदर्शन और विरोध कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता सुनील कुमार, वरुण बालियां, अमन गर्ग, मनोज जाटव, रजत कुमार सहित भारी संख्या में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




