जिलाधिकारी के निर्देशों का धरातल पर दिखने लगा असर, गड्ढा मुक्त अभियान में आई तेजी
जिलाधिकारी के निर्देशों का धरातल पर दिखने लगा असर, गड्ढा मुक्त अभियान में आई तेजी
भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार। जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा दिए गए कड़े निर्देशों का असर अब धरातल पर साफ दिखाई देने लगा है। जिलाधिकारी के आदेशों के पालन में संबंधित विभागों द्वारा सड़कों की मरम्मत और डामरीकरण का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग (रुड़की) के अधिशासी अभियंता सुरेश तोमर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग 334-ए (प्रदार्था क्षेत्र) के अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पैचवर्क और डामरीकरण का कार्य दिन-रात लगातार जारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा पहले क्षतिग्रस्त और गड्ढायुक्त सड़कों को चिन्हित किया जा रहा है और फिर प्राथमिकता के आधार पर उनकी मरम्मत कराई जा रही है।
कार्य की गुणवत्ता और गति बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारी व कर्मचारी लगातार मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट हिदायत दी है कि सड़कों को गड्ढामुक्त करने के इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
सड़कों के गड्ढामुक्त होने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना में भी भारी कमी आएगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश भर की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार जनपद में भी सभी संबंधित विभाग सड़क मरम्मत के कार्य को प्राथमिक स्तर पर पूरा करने में जुटे हुए हैं।




